केंद्रीय राज्यमंत्री ने खेल के मैदान का रास्ता खुलवाया

मंसूरपुर(उत्तर प्रदेश)– गांव पुरबालियान के नव जागृति हाईस्कूल के परिसर में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान की अध्यक्षता में सर्वसमाज, अध्यापकों तथा शिक्षा अधिकारियों की बैठक हुई। स्कूल के पास खेल मैदान तक बंद पड़े रास्ते को खोलने पर सहमति बन गई है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि नव जागृति हाईस्कूल के पीछे 15 बीघा विद्यालय की ही खाली जमीन पड़ी हुई थी। गांव के युवा इसे खेल मैदान के रूप में प्रयोग कर रहे थे। मगर, खेल मैदान तक जाने का कोई रास्ता नहीं था। युवा स्कूल से होकर उस मैदान तक जाते थे। इससे बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान होता था। बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने उस रास्ते को बंद कर दिया था। बुधवार को बैठक में सहमति बनी की स्कूल के फिल्ड से खेल मैदान तक जाने के लिए अलग से रास्ता बनाया जाएगा। रास्ता बन जाने से बच्चों की पढ़ाई में कोई व्यवधान नहीं आएगा। ग्राम प्रधान की ओर से रास्ते पर इंटरलॉकिंग तथा खेल मैदान की चारदीवारी कराई जाएगी। स्कूल के अध्यापकों ने मंत्री के सामने स्कूल में फर्नीचर की कमी की समस्या भी रखी। मंत्री ने फर्नीचर की समस्या को शीघ्र ही दूर करने का आश्वासन दिया। बैठक में ग्राम प्रधान शौकत, पूर्व प्रधान संतोष पाल, भाजपा नेता संदीप कुमार तथा शिक्षा से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।