एटा में पूर्व विधायक के पुत्र की एक करोड़ नौ लाख कीमत की सत्ताइस बीघा भूमि जब्त

गैंगस्टर एक्ट की धारा 14/1 के तहत हुई कार्यवाही
एटा/उत्तर प्रदेश:(संवाददाता हर्ष द्विवेदी)–अलीगंज के पूर्व विधायक सपा नेता रामेश्वर सिंह यादव के पुत्र प्रमोद यादव की गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14/1 के तहत एक करोड नौ लाख रूपए से अधिक की 27 बीघा भूमि प्रशासन द्वारा कुर्क की गई।यह भूमि अलीगंज बहार चुंगी जनता इंटर कालेज के पीछे आठ बीघा कीमत 31 लाख, पायमझेता चक नंबर एक में 19 बीघा कृषि योग्य भूमि कीमत 78 लाख कीमत की भूमि प्रशासन द्वारा जप्त की गई है। प्रशासन की इस कार्यवाही के दौरान भारी पुलिस बल के साथ उक्त संपत्तियों पर बोर्ड लगा दिए गए हैं।
पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव एवं उनके अनुज पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द्र सिंह यादव की मुश्किलें बढती जा रही है। गुण्डागर्दी के बल पर धन एकत्रित कर खरीदी गई सम्पत्तियों पर प्रशासन सख्त रूख अपना रहा है। जिलाधिकारी के आदेश पर उनके परिवार के सम्पत्तियों को तलाश कर जब्तीकरण की कार्यवाही की जा रही है।
मंगलवार को जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल के आदेश पर तहसीलदार राकेश कुमार, इंस्पेक्टर राजेश कुमार मीणा, राजस्व निरीक्षक शीशराम ने मय पुलिस बल के साथ अलीगंज बाहर चुंगी, पायमझेता चक नम्बर एक में प्रमोद यादव की 27 बीघा भूमि को जब्त किया गया है। उक्त भूमि का सरकारी मूल्य लगभग एक करोड़ नौ लाख रुपएआंका जा रहा है। इससे पूर्व भी रामेश्वर सिंह यादव, उनके अनुज जुगेन्द्र सिंह यादव, छोटे भाई रामनाथ सिंह यादव की अलीगंज, जैथरा, एटा आदि स्थानो पर भूमि को जब्त किया चुका है। आपको बताते चलें कि रामेश्वर सिंह यादव इस समय जिला कारागार एटा में निरूद्व चल रहे है। पुलिस प्रशासन की इस कार्यवाही में तहसीलदार राकेश कुमार सिंह थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक शीशराम वर्मा के अलावा भारी मात्रा में पुलिस फोर्स मौजूद रहा।