June 23, 2025

प्रगति रथ संस्था द्वारा सात दिवसीय मोमबत्ती प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

 प्रगति रथ संस्था द्वारा सात दिवसीय मोमबत्ती प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

झाँसी/उत्तर प्रदेश:(सुल्तान आब्दी)– प्रगति रथ संस्था पिछले कई वर्षों से समय-समय पर महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रम करती आ रही है, जिसके अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार परक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यशाला संस्था समय-समय पर करती है। जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बने एवं अपना स्वरोजगार स्थापित कर सके। इसी क्रम में पिछले 4 दिनों से मोमबत्ती प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन प्रेम नगर थाने के पास प्रगति रथ कार्यालय में किया जा रहा है। महिलाओं को विभिन्न प्रकार की मोमबत्ती बनाने का विस्तृत तरीका, कच्चा माल आदि उपयोग में आने वाली सामग्रियों के बारे में जानकारी दी जा रही है। आधुनिक दौर को देखते हुए विभिन्न प्रकार की आकृतियो, फूल, आदि डिजाइन वाली मोमबत्ती बनाना सिखाई जा रहीं है। यह कार्यशाला सात दिवसीय होगी। संस्था की सचिव डॉ संध्या चौहान ने महिलाओं से बातचीत करते हुए उन्हें समझाया कि महिला का स्वाबलंबी होना बहुत ही आवश्यक है। इसके लिए महिला स्वयं अपने स्वरोजगार की ओर बढ़े, महिला अपने अंदर की प्रतिभा को पहचान कर अपने और अपने परिवार के लिए स्वरोजगार स्थापित करें, जिससे वह अपने परिवार को विकास की ओर ले जा सके। क्योंकि महिला एक संपूर्ण परिवार को सशक्त एवं समृद्ध करने की क्षमता रखती है। साथ ही संस्था के निदेशक विजय सिंह चौहान ने महिलाओं को स्वरोजगार करने के लिए प्रेरित करते हुए अपनी खुद की पहचान विकसित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के सफल समापन के बाद सभी प्रशिक्षित महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Bureau