स्वंय सहायता समूह की महिलाओं ने प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

घोटाले का झूठा आरोप लगाने पर किया प्रदर्शन,डीएम से की शिकायत
किशनी/मैनपुरी:–विकास खण्ड में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन समूह में मामला गर्माता जा रहा है।समूह की महिलाओं द्वारा घोटाले का आरोप लगाने पर कई समूह की महिलाएं भड़क गयीं।उन्होंने प्रताड़ना का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया और डीएम से शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
समुचित बाल विकास योजना के तहत नगर में पुष्टाहार उत्पादन के लिये अन्नपूर्णा प्रेरणा महिला लघु उद्योग संगठन का 73 लाख कीमत का प्लांट लगाया गया है।पंजीरी उत्पादन होने के बाद किशनी,बेवर व सुल्तानगंज ब्लॉक में आंगनबाड़ी केंद्रों को वितरित की जाएगी।स्वंय सहायता समूह कुरसंडा की सदस्यों ने घोटाले का आरोप लगाकर प्लांट को अन्यंत्र स्थापित करने की मांग की थी।
उन्होंने इसकी शिकायत डीएम से भी की थी।शुक्रवार को कई ग्रामों के समूह संगठन की महिलाएं नगर के पंजीरी प्लांट पर एकत्रित हुईं।उन्होंने शिकायत करने वाली महिलाओं पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।बीआरपी रचना गुप्ता ने बताया कि प्लांट को उनके आवास पर लगाया गया है।इसलिए कुरसंडा में समूह चलाने वालीं मनु कठेरिया और संतोषी देवी कई महिलाओं को बहकाकर अपने स्वार्थ के लिये प्लांट को कहीं और शिफ्ट करने के लिये षड़यंत्र कर रही हैं और घोटाले के झूठे आरोप लगा रही हैं।जबकि वह अधिकारियों को कई बार कागजात प्रस्तुत कर चुकी हैं जिसमें उनके विरुद्ध कोई आरोप सिद्ध नहीं हुआ है।उन लोगों को बेवजह मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।मनु कठेरिया और संतोषी देवी ने कुरसंडा में रानू देवी के साथ बैठक में मारपीट भी की है।सीएलएफ की सात माह से बैठक नहीं हो पा रही है।महिलाओं ने पंजीरी प्लांट पर प्रदर्शन कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।बाद में समूह की सभी महिलाएं डीएम से शिकायत करने जिला मुख्यालय पहुंची।
डीएम के मौजूद न होने पर उन्होंने वहां मौजूद एसडीएम को शिकायत सौंपी।इस मौके पर रानू देवी,स्नेहलता,पूजा गुप्ता,आशा देवी,अरुणा देवी,कांति देवी,सुनीता देवी,शिवकुमारी,मिथलेश देवी,सरोज देवी,दीपमाला,सत्यवती,माधुरी देवी,जूली देवी,नीलम,मनीषा,बबली देवी,रचना देवी,बीना देवी,पूजा शाक्य सहित आधा सैकड़ा महिलाएं मौजूद रहीं।