September 19, 2025
Breaking

दिनदहाड़े लूटपाट से गांधी कॉलोनी में दहशत

 दिनदहाड़े लूटपाट से गांधी कॉलोनी में दहशत

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश:–गांधी कॉलोनी में रहने वाले बुजुर्ग सुभाष गुलाटी और उनकी पत्नी कृष्णा देवी को बंधक बनाकर दिनदहाडे़ लूटपाट की घटना से गली ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में दहशत है। घटना की जानकारी मिलने पर सैकड़ों लोग मौके पर जा पहुंचे। सभी के जुबान पर केवल एक ही बात थी कि यदि इस प्रकार घटना होने लगी तो यहां रहना दूभर हो जाएगा। सभी ने घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की।

सुभाष गुलाटी का पूर्व समय में कपड़े का बड़ा कारोबार था। उनके परिवार में बड़ी बेटी अनु दिल्ली, बेटा कपिल सूरत और छोटी बेटी मणी लखनऊ में रहती है। इकलौते बेटे कपिल का सूरत में ही कपड़े का बड़ा कारोबार है। इसके बाद पिता सुभाष ने मुजफ्फरनगर में अपना कारोबार बंद कर दिया था। बुजुर्ग दंपती गांधी कॉलोनी में ही रहते है। दंपती के मुताबिक दोपहर लगभग डेढ़ बजे एक बदमाश दीवार फांदकर अंदर पहुंचा। उसने गेट खोल दिया तब तीन अन्य बदमाश अंदर जा घुसे। दो बदमाश दंपती के पास पहुंचे और बंधक बना लिया। दो बदमाश बाहर गैलरी में खडे़ हो गए। कुछ देर बाद अंदर जाकर पूरे घर की तलाशी ली। लगभग बीस मिनट में घटना कर बदमाश फरार हो गए थे। इसके बाद कृष्णा देवी ने किसी तरह चाकू से पति के हाथों की टेप काटकर बंधन मुक्त कराया।

महिला ने बिजली कर दी थी बंद
महिला कृष्णा देवी ने बताया कि बदमाशों को देखकर उन्होंने बिजली बंद कर दी थी। इससे बदमाशों को उनकी सोने की चूड़ियां दिखाई नहीं दी। बदमाश अन्य सामान लूट ले गए, लेकिन चूड़ियां बच गई।

पीटा नहीं, सिर्फ धमकाया
दंपती का कहना था कि बदमाशों ने उनकी पिटाई नहीं की। सिर्फ धमकाया। पीड़ित दंपती के रिश्तेदार सुशील गुलाटी, पड़ोसी सुमित छाबड़ा, दीपक छाबड़ा आदि का कहना था कि उन्हें घटना की काफी देर बाद जानकारी मिली। गनीमत रही कि बदमाशों ने दंपती को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया अन्यथा वह दपंती के साथ कुछ भी कर सकते थे।

बेटी को फोन किया
बंधन मुक्त होने के बाद कृष्णा देवी ने सबसे पहले अपनी लखनऊ में रहने वाली बेटी मणी को फोन किया था। तब उनके ससुर ने मुजफ्फरनगर पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए बदमाश एसएसपी विनीत जायसवाल के आदेश पर एसओजी के अलावा फोरेंसिक टीम ने पहुंच कर सबूत जुटाने की कोशिश की। एसओजी टीम ने घर में लगे सीसीटीवी देखे। मगर, डीवीआर बदमाश ले गए थे। इसके बाद एसओजी ने पड़ोसी व मार्ग पर लगे सीसीटीवी खंगाले। इनमें बदमाशों के चेहरे कैद हो गए है।


बदमाशों की गिरफ्तारी को पांच टीम बनाई है। महत्वपूर्ण सुराग मिले है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। – विनीत जायसवाल, एसएसपी।

Bureau