June 23, 2025

ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला, बताएं कि मरने पर कितनी जीएसटी लगेगी

 ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला, बताएं कि मरने पर कितनी जीएसटी लगेगी

कोलकाता:– पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि अब तो मूढ़ी पर जीएसटी लग गई है तो क्या भाजपा के लोग अब मूढ़ी नहीं खाएंगे। मिठाई, लस्सी, दही पर जीएसटी लगी है। लोग क्या खाएंगे? मरीज के अस्पताल में भर्ती होने पर भी जीएसटी। ये बताएं कि मरने पर कितनी जीएसटी लगेगी। वह शहीद दिवस रैली में बोल रही थी।

टीएमसी ने कोलकाता में शहीद दिवस रैली का आयोजन 21 जुलाई को किया। इसमें कार्यकर्ताओं का जन सैलाब उमड़ा। इस दौरान बारिश भी हुई। इसके बाद भी कार्यकर्ता टस से मस नहीं हुए। मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने रैली में केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।

सीएम ने कहा कि आज इतनी बारिश हुई है। सड़कों पर पानी भरा, लेकिन आप यहां से नहीं हिले। 21 जुलाई को बारिश हुई। ये ईश्वर, अल्लाह की मेहरबानी है। भाजपा और सीपीआई (एम) बारिश देखकर हंस रही थी।

ममता ने कहा कि भाजपा हर जगह सरकार तोड़ रही है। भाजपा का यही काम है। बंगाल में उन्होंने हमें हराने की कोशिश, लेकिन हरा नहीं सकी। 2021 में जनता ने उन्हें दिखा दिया।

ममता बनर्जी ने कहा कि लाखों नौकरियां खत्म हो गई है। अब नई स्कीम आई है ‘अग्निपथ’। मैं कहती हूं कि आर्मी का कोई विकल्प नहीं होता है। आर्मी तो आर्मी होती है। सीएम ने कहा कि बंगाल में कई योजनाओं को बंद कर दिया गया। केंद्र सरकार अगर बंगाल की बकाया राशि नहीं देगी तो हम दिल्ली तक जाएंगे। घेराव करेंगे।

Bureau