कासगंज में सरकार की होम बार योजना का हुआ विरोध

कासगंज:(ज़ुम्मन क़ुरैशी)- भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के पदाधिकारियों ने कासगंज में सरकार के होम बार योजना के निर्णय का विरोध किया। भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के तमाम पदाधिकारियों ने होम बार योजना का विरोध कर डीएम हर्षिता माथुर को सीएम और राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया।
आपको बतादें कि आज भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के जिलाध्यक्ष गौरव दुबे के नेतृत्व में संगठन की तमाम महिला और पुरुष कार्यकर्ता कासगंज जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे और जिलाधिकारी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार द्वारा होम बार (उत्तर प्रदेश आबकारी संशोधन) योजना का जो निर्णय लिया गया है वह समाज के लिए घातक है। एक तरफ सरकार महिलाओं के लिए नित्य प्रति नई नई योजनाएं बना रही है उनकी सुरक्षा की चिंता कर रही है। वहीं दूसरी तरफ समाज में नशे का व्यवसाय कराकर उनकी सुरक्षा एवं बर्बादी का ठेका दे रही है। पहले ही सरकारी शराब के ठेकों पर अवैध तरीके से बिक रही शराब से महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा था।
भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी इसका घोर विरोध करती है अतः इस आदेश को तत्काल वापस लिया जाए और उत्तर प्रदेश को नशा मुक्त स्वस्थ एवं उत्तम प्रदेश बनाया जाए।