June 24, 2025

“कॉउ प्रोटक्शन फंड बनेगा निराश्रित गोवंश का सहारा”

 “कॉउ प्रोटक्शन फंड बनेगा निराश्रित गोवंश का सहारा”

डीएम ने कॉउ प्रोटक्शन फंड में जमा किए 11 हजार, हुई शुरुआत, पहले दिन पार हुआ एक लाख का डोनेशन

डीएम के आवाहन पर अधिकारी-कर्मचारियों ने फंड में जमा की धनराशि

लखीमपुर खीरी:(नुर्रुद्दीन)– खीरी में गोवंश संरक्षण व संवर्धन के लिए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पूरा प्रशासन तत्परता से जुटा है। इसके लिए प्रशासन ने एक अभिनव पहल के तहत “कॉउ प्रोटक्शन फंड” नाम से एक खाता खुलवाया है, जिसमें लोग स्वेच्छा से घर बैठे दान करके गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन की पुनीत मुहिम से जुड़ सकते हैं।

इस खाते के खुलते ही डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के आवाहन पर अफसरों व कर्मचारियों में दान करने की होड़ लग गई। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सबसे पहले 11 हजार व सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने 5100 की चेक मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अजीत सिंह को प्रदान की। विभिन्न शासकीय ग्रुपों पर डीएम ने “कॉउ प्रोटक्शन फंड” में स्वेच्छा से दान करने आवाहन किया।

इस पर जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर ने 11,000, बीडीओ अरुण कुमार सिंह 10 हजार, बीडीओ धौराहरा गजेंद्र सिंह 8000, डीपीआरओ सोम्यशील सिंह, ईओ नगर पालिका आरआर अंबेश व उपायुक्त उद्योग संजय कुमार सिंह ने 5-5 हजार, एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे, एसडीएम गोला अनुराग सिंह, परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने 5100-5100, सहायक भूलेख अधिकारी राकेश कुमार त्रिवेदी व सीडीओ के ओएसडी बृजेश अवस्थी ने 1100-1100 व जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दिनेश श्रीवास्तव ने 2100 रु ऑनलाइन ट्रांसफर की। ग्राम सचिव कमाल अहमद ने 5100 व सचिव हर्षित कुमार पांडे ने 5000 की धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। समाचार लिखे जाने तक अधिकारी कर्मचारियों द्वारा कॉउ प्रोटक्शन फंड में धनराशि प्रेषित किए जाने का सिलसिला जारी है।

डीएम ने “कॉउ प्रोटक्शन फंड” बनाने के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि गोवंश आश्रय स्थलों में आवासित गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु पालन-पोषण, विकास कार्यों एवं उन्हें स्वावलंबी बनाने की योजनाओं में सहयोग करना, गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जिले के गोवंश आश्रय स्थलों में अस्थाई एवं अति आवश्यक प्रकृति की परिसंपत्तियों का निर्माण तथा उत्पादन इकाइयों एवं योजनाओं हेतु सहयोग देना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रशासन इस कोष में प्राप्त धनराशि का उपयोग जिले के गोवंश आश्रय स्थलों में आवासित गोवंश के पालन पोषण, गोवंश आश्रय स्थलों के संचालन प्रबंधन के लिए सहायता प्रदान करने के लिए किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आश्रय स्थलों में अस्थाई, अति आवश्यक प्रकृति की परिसंपत्तियों का निर्माण, उत्पादन इकाइयों, योजनाओं के लिए सहायता राशि प्रदान करने हेतु, जनपद के गोवंश आश्रय स्थलों में आवासित गोवंश के भरण-पोषण निस्तारण संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु व कोष का उपयोग गोवंश विषयक सभी आवश्यक व्ययो पर किया जाएगा, जो कि शासन द्वारा समय-समय पर निर्धारित किए जाएंगे।

इस बैंक खाते में दान करें इच्छुक गोवंश प्रेमी

इंडियन बैंक शाखा विकास भवन में संचालित बैंक खाता “COW PROTECTION FUND LAKHIMPUR KHERI बैंक खाता संख्या 7222033852, आईएफएससी कोड : IDIB000V528 में अपनी स्वेच्छा से गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए दान कर सकते हैं। डीएम ने कहा कि गौवंश सरंक्षण सभी के समेकित सहयोग से पूरी तरह संभव है।उन्होंने जिले के लोगों से भी अपील किया कि उनकी जो भी क्षमता है उसके हिसाब से धनराशि दे सकते हैं।

PUBLISH BY KTH NEWS NETWORK

https://kuchtohai.in