June 23, 2025

बैरिकेडिंग लगाई पर व्यवस्था नहीं सुधर पाई

 बैरिकेडिंग लगाई पर व्यवस्था नहीं सुधर पाई

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश:–शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने व नियमों का पालन कराने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई हैं, लेकिन व्यवस्था सुधर नहीं पाई है। वाहन चालक नियमों व बनाई व्यवस्था की जानकारी होने के बाद भी गलत दिशा में वाहन दौड़ा रहे हैं। कई स्थानों पर इससे जाम भी लग रहा है।


शहर के प्रकाश चौक व मालवीय चौक बेहद व्यस्त तिराहे हैं। पुलिस ने इन तिराहों पर बैरिकेडिंग लगाकर गोल चक्कर से घूमकर चलने का नियम लागू किया। लेकिन वाहन चालक नियम का पालन करते नहीं दिख रहे हैं। लगभग छह माह से यातायात पुलिस व्यापारियों से वार्ता कर शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने में लगी है। आलू मंडी चौराहा, सरवट चौराहों पर भीड़ के चलते यातायात पुलिस अधिकारियों ने बैरिकेडिंग लगवा दी। जिससे दोनों ही चौराहे बंद हो गए। कई बार व्यापारियों ने दोनों चौराहों से बैरिकेडिंग हटाने की मांग की, लेकिन बैरिकेडिंग हटाए नहीं गए। इसके बाद भी वहां से पैदल राहगीर दोनों चौराहों से आ-जा रहे हैं।

ई -रिक्शा चालक भी नहीं मान रहे

यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा के लिए भी कुछ नियम बनाए थे। शिव चौक से पीली छत वाली रिक्शाएं चलाने का आदेश जारी किया था, लेकिन इन बनाए नियमों को ई-रिक्शा चालक भी नहीं मान रहे हैं। जिस कारण शहर में कहीं भी कभी भी जाम लगता रहता है। अंसारी रोड के व्यापारी रजनीश ने शहर में सड़क के बीच लगाए डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर लगाए, ताकि रात में हादसा न हो सके।


मालवीय चौक व प्रकाश चौक पर पुलिस तैनात रहती है। चालान भी किए जाते हैं। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए सख्ती बरती जाएगी – कुलदीप सिंह, एसपी यातायात।

Bureau