June 23, 2025

तिरंगे की खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन ने विकास भवन में की तालाबंदी

 तिरंगे की खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन ने विकास भवन में की तालाबंदी

मुज़फ्फरनगर/उत्तर प्रदेश:– तिरंगे की खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन की अगुवाई में पहुंची महिलाओं ने विकास भवन की तालाबंदी करते हुए धरना देना शुरू कर दिया है। महिलाओं की तालाबंदी से विकास भवन में हड़कंप मच गया है। सैकड़ों महिलाएं बीकेयू नेता विकास शर्मा के नेतृत्व में धरने पर बैठी।मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के युवा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा की अगुवाई में सैकड़ों महिलाएं नारेबाजी करते हुए मेरठ रोड स्थित विकास भवन पर पहुंची और प्रशासनिक अधिकारियों पर हर घर तिरंगा अभियान के तरहत राष्ट्रीय ध्वज की खरीद में बडे पैमाने पर भ्रष्टाचार किए जाने के आरोप लगाए। गुस्साई महिलाओं ने विकास भवन में काम कर रहे महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को उनके दफ्तर से निकालकर बाहर कर दिया और वहां पर अपना ताला लगा दिया। महिलाएं नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गई।

इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के युवा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा एवं युवा भाजपा महानगर अध्यक्ष गुलबहार एवं राहुल अहलावत ने आरोप लगाया कि आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर देश भर में मनाए गए आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान को गति देने के लिए सरकारी स्तर पर तिरंगे की खरीद में भ्रष्टाचार किया गया है। भ्रष्टाचार की दलदल में गहरे तक फंसे अफसरों ने राष्ट्रीय ध्वज की खरीदारी में भ्रष्टाचार किए जाने से भी गुरेज नहीं की है। जिसके चलते भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ कार्यवाई किया जाना जरूरी है।

Bureau