कलेक्ट्रेट में किसानों का धरना, बिजली मीटर का विरोध

मुजफ्फरनगर:–किसान मजदूर संगठन ने किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष दीपक सोम ने कहा कि ट्यूबवेलों पर मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे। सरकार ने सिंचाई के लिए बिजली निशुल्क देने का एलान किया था, ऐसे में मीटर का कोई औचित्य नहीं है।
सोमवार को धरने पर किसान समस्याओं पर मंथन किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि गोवंशीय पशु किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन सरकार का ध्यान इस तरफ नहीं है। किसान की आय बढऩे के बजाए घट रही है। डीजल के दामों पर नियंत्रण होना चाहिए। किसानों को 50 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से डीजल मिलना चाहिए। इसके लिए सरकार पंजीकृत किसानों का नियम अपना सकती है।
बकाया गन्ना भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। कृष्णा, हिंडन और काली नदी प्रदूषण फैला रही है। चकबंदी के नाम पर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार जिले में हुआ है, लेकिन अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। एलान किया कि अगर किसानों का शोषण किया तो आंदोलन होगा। अध्यक्षता महेश प्रधान और संचालन बिल्लू राणा ने किया। पृथ्वी सिंह, तेजपाल सिंह, अजय कुमार, विक्रम सिंह, शमीम खान, गौरव त्यागी, राजपाल सिंह मौजूद रहे।