पूर्व बीजेपी विधायक क्षेत्र के विकास के लिए पत्र लिखकर कर रहे हैं दिखावा,अपने कार्यकाल में विकास के कितने पत्र लिखे थे वो दिखाएं। अताउर्रहमान

क्षेत्र में सिर्फ सपा ने कराए हैं विकास कार्य : अताउर्रहमान
बरेली/उत्तर प्रदेश:(संवाददाता वसीम अहमद)–बरेली की बहेड़ी विधानसभा से सपा विधायक अताउर्रहमान ने अपने कार्यालय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमे उन्होंने बीजेपी के पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व विधायक अपने कार्यकाल में तो कोई विकास कार्य कर नहीं पाए और अब विकास के नाम पर मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर वह क्या साबित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक ने सिर्फ अपना और अपने परिवार के लोगों का विकास किया है। उन्होंने हमलावर होते हुए कहा कि पूर्व विधायक के कार्यकाल में क्षेत्र में अवैध रूप से खनन झुआ और अब भी अवैध खनन जारी है और ये अवैध खनन कौन करता है और कौन कराता है ये सब जानते हैं।
यहां समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा विधायक अताउर्रहमान ने कहा कि पूर्व विधायक ने बहेड़ी के विकास के लिए जो पत्र लिखे हैं वह सिर्फ दिखावा है। बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में जितना भी विकास कार्य हुआ है वह सिर्फ और सिर्फ सपा सरकार में ही हुआ है। उन्होंने बताया सपा कार्यकाल में बना मेगा फूड पार्क भाजपा सरकार आने के बाद अब तक चालू नहीं हो सका है। अख़बारों में जरूर मेगा फूड जल्द चालू होने की खबरें आती है लेकिन हकीकत कहीं उससे अलग है। विधायक ने कहा कि पिछले सपा के कार्यकाल में उन्होंने नगर में रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कराया। इसके साथ ही बहेड़ी शीशगढ़ मार्ग, बहेड़ी शेरगढ़ मार्ग, रिछा जहानाबाद मार्ग का उन्होंने ही अपने कार्यकाल में निर्माण कराया था।
सपा विधायक ने आगे कहा कि नगर में आईटीआई, जीटी आई , बहेड़ी बरेली फोरलेन मार्ग, पॉवर हाउस का निर्माण सपा सरकार में ही कराया गया है। उन्होंने कहा कि अब जो विकास कार्य होंगे वह विधायक निधि से होंगे। क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध खनन पर उन्होंने कहा कि पहले भी अवैध खनन किया जाता था और अब भी अवैध खनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही अवैध खनन बन्द नही किया गया तो इसकी शिकायत आला अधिकारियों से की जायेगी। अगर इसके बाबजूद अवैध खनन नहीं रुका तो धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।