कुछ तो है न्यूज नेटवर्क पर चली खबर का हुआ असर,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ में मरीजों के लिए व्हील चेयर और स्ट्रैचर की हुई व्यवस्था

महोबा/उत्तर प्रदेश:(संवाददाता इसराईल कुरैशी)–सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ में गंभीर रूप से घायल व चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के लिए व्हील चेयर और स्ट्रैचर की व्यवस्था न किए जाने से परेशान मरीजों की समस्या को KTH ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर छपने के बाद अफसरों की नींद टूट गई। आज सुबह से ही अस्पताल के बाहर व्हील चेयर व स्ट्रैचर रखा नजर आया। जिससे मरीजों को राहत मिली।

सीएचसी कुलपहाड़ में व्याप्त अव्यवस्थाओं से मरीज परेशान थे। शनिवार को बागौल गांव निवासी 80 वर्षीय परशुराम परिजनों के साथ इलाज कराने सीएचसी पहुंचा था। व्हील चेयर व स्ट्रैचर न मिलने पर चलने-फिरने में असमर्थ परशुराम को परिजन गोद में उठाकर अंदर ले गए थे। इतना ही नहीं, उपचार के बाद एंबुलेंस तक ले जाने के लिए भी स्वास्थ्य कर्मचारियों ने व्हील चेयर मुहैया नहीं कराई थी। इस समस्या को KTH ने फोटो के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए। सोमबार की सुबह अस्पताल का नजारा बदला नजर आया। मुख्य गेट के बाहर व्हील चेयर और स्ट्रैचर रखा गया। इतना ही नहीं एक कर्मचारी की ड्यूटी भी लगाई गई। सीएचसी अधीक्षक महेश सिंह ने बताया कि वृद्घ, दिव्यांग व गंभीर बीमार व्यक्ति के अस्पताल आने पर उसे व्हील चेयर से अंदर ले जाया जाएगा। इसके लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।