June 24, 2025

किताबों का ताजमहल है रामपुर रजा लाइब्रेरी, विश्व पटल पर चमकेगा रामपुर: मुग्धा

 किताबों का ताजमहल है रामपुर रजा लाइब्रेरी, विश्व पटल पर चमकेगा रामपुर: मुग्धा

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त सचिव ने रजा लाइब्रेरी और गांधी समाधि का किया निरीक्षण


अफसरों के साथ बैठक कर लाइब्रेरी के सौंदर्यीकरण को लेकर भी की चर्चा



रामपुर/उत्तर प्रदेश:(संवाददाता आफाक अहमद खान)–केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुग्धा सिन्हा ने रामपुर रजा लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। करीब तीन घंटे तक निरीक्षण करने के बाद उन्होंने रामपुर विधायक और मंडलायुक्त समेत जिले के तमाम अफसरों के साथ बैठक की। जिसमें लाइब्रेरी के सौंदर्यीकरण, परिसर की स्थिति सुधारने और लाइब्रेरी की तरफ आने वाले मार्गों के सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संयुक्त सचिव ने कहा कि रामपुर रजा लाइब्रेरी तो किताबों का ताजमहल है। निश्चित रूप से लाइब्रेरी के कायाकल्प के बाद रामपुर विश्व पटल पर चमकेगा।


रामपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने आकाश सक्सेना की कोशिशें अब रंग लाने लगी हैं। उन्होंने पिछले दिनों ही दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर रजा लाइब्रेरी के महत्व और वर्तमान हालत के बारे में बताया था। जिसके प्रधानमंत्री ने रजा लाइब्रेरी को विश्व पटल पर चमकाने के लिए संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की थी और अफसरों को रजा लाइब्रेरी के सुधार के आदेश दिए थे।


गुरूवार को संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुग्धा सिन्हा रजा लाइब्रेरी का जायजा लेने के लिए रामपुर पहुंच गईं। उनके साथ शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड, मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल, अपर जिलाधिकारी हेम सिंह और नगर मजिस्ट्रेट सत्यम मिश्रा भी पहुँचे। सभी ने बारीकि से रजा लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। दरबार हॉल, पांडुलिपियों और पुस्तकों का भंडार, नवाबी दौर में संजोई गई ऐतिहासिक वस्तुएं, हस्तलिखित कुरआन, रामायण आदि देखे। उन्होंने रजा लाइब्रेरी के अधिकारियों और कर्मचारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कहा कि रजा लाइब्रेरी ऐतिहासिक पांडुलिपियों और पुस्तकों का ताजमहल है। यह गजब की बात है कि पहले किसी ने इसके बारे में नहीं सोचा। लेकिन, अब रजा लाइब्रेरी को विश्व पटल पर चमकाने के लिए मंत्रालय के स्तर पर जो भी कार्य करने होंगे, वे किए जाएंगे। यहां किसी भी तरह से धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। रजा लाइब्रेरी परिसर की हालत सुधारने के साथ ही सडकों और आसपास के इलाकों का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस बीच चाकू कारीगर, वायलिन कारीगर, जरी जरदोजी, रामपुर की टोपी, चटापटी पटापटी कारीगरों ने भी अपने-अपने उत्पादों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। संयुक्त सचिव ने उनके उत्पादों के इतिहास के बारे में जानकारी ली।

विधायक, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी के साथ दो घंटे तक चली बैठक
रामपुर। संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुग्धा सिन्हा ने रजा लाइब्रेरी के निरीक्षण के बाद दो घंटे तक अफसरों के साथ बैठक की। जिसमें विधायक आकाश सक्सेना, मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड, मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल समेत रजा लाइब्रेरी के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। बैठक में रजा लाइब्रेरी परिसर के सौंदर्यीकरण, भवन की सजावट, सडकों की दशा सुधारने समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। सभी ने अपने-अपने सुझाव भी रखे। जिस पर संयुक्त सचिव ने जिलाधिकारी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रामपुर के विधायक की पहल अच्छी और सराहनीय है।

2024 में पूरे होंगे रजा लाइब्रेरी के ढाई सौ साल, पूरे एशिया में मनेगा जश्न: आकाश


रामपुर। रजा लाइब्रेरी का निरीक्षण करने के बाद संयुक्त सचिव ने किला परिसर का भी जायजा लिया। उन्हें मिले सुझावों में किला परिसर की मरम्मत करने के साथ ही रंग बिरंगी लाइटें लगाने का भी प्रस्ताव शामिल है। जिस पर अधिकांश लोगों ने सहमति जताई। विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि 2024 में रजा लाइब्रेरी के ढाई सौ साल पूरे होंगे। लिहाजा, यह भी सहमति बनी है कि इस मौके पर बडा आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही देश विदेश के मेहमानों को भी बुलाया जाए। ताकि, दुनिया को पता लग सके कि शोधकर्ताओं के लिए रजा लाइब्रेरी कितनी अहम है और यहां क्या-क्या ऐतिहासिक चीजें है। इसके अलावा लाइब्रेरी के डिजिटलीकरण समेत ऑनलाइन प्लेटफार्म पर भी बढ़ावा दिया जाएगा। जिससे दूसरे देशों के शोधकर्ताओं की लाइब्रेरी और ऐतिहासिक पुस्तकों तक पहुंच आसान हो सके।

PUBLISH BY KTH NEWS NETWORK

https://kuchtohai.in