झांसी में 8 लाख के गहने और 75 हजार कैश चोरी

संवाददाता:–सुल्तान आब्दी
झांसी/उत्तर प्रदेश:–झांसी में ठंड का मौसम शुरू होते ही चोरियां बढ़ने लगी हैं। रक्सा थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़ में एक घर से बदमाश 8 लाख रुपए के गहने और 75 हजार रुपए कैश चुराकर ले गए। महिला घर में सोई हुई थी। बदमाशों ने उसके तकिए के नीचे से अलमारी की चाबी उठाई और वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है।
घर में अकेली थी विधवा महिला
मूलरूप से मध्य प्रदेश के दतिया के जिगना थाना क्षेत्र की रामदेवी दुबे पिछले 9 साल शिवपुरी हाइवे पर रामगढ़ गांव में रह रही है। उसने बताया कि मंगलवार को खाना खाने के बाद रात 11:00 बजे तक वह टीवी देखती रही। इसके बाद वह सो गई। अलमारी की चाबी तकिए के नीचे रखी थी। रात में बदमाश घर में घुसे और तकिए के नीचे से चाबी निकालकर कमरे में गए। वहां अलमारी से 11 तोला सोना और 75 हजार रुपए नकदी चोरी कर ली।
छत पर मिली चाबी तो चोरी का पता चला
बेटे बाहर करते हैं जॉब
रामदेवी दुबे ने बताया कि उसके पति की 3 माह पहले मौत हो चुकी है। तीन में से दो बेटों महेंद्र और नीलेश की शादी हो चुकी है। दोनों बहुओं के गहने अलमारी में रखे हुए थे। सबसे छोटा बेटा अमित अभी अविवाहित है। महेंद्र डायमंड फैक्ट्री मुंबई में इलेक्ट्रॉनिक का काम करता है, जबकि नीलेश मुंबई में ही एयरपोर्ट पर कंप्यूटर ऑपरेटर है। वहीं तीसरा लड़का अमित मथुरा में एक स्कूल में अकाउंटेंट है।
रक्सा थाना क्षेत्र में बढ़ रही हैं चोरी
रक्सा थाना क्षेत्र में इस समय चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कुछ दिनों पहले चंदन के पेड़ चोरी हुए थे। वहीं, 3 दिन पहले इसी गांव में ही चोरी की घटना हुई थी। तब रामकुमार राजपूत की दुकान से चोरों ने 1500 रुपए और सामान चोरी किया था। जो घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई थी। वहीं चोर इस घटना के बाद एक अपाचे गाड़ी भी छोड़ कर भागे थे।
ब्याज पर रुपए देने का काम करती है महिला
मामले में रक्सा पुलिस का कहना है कि महिला ब्याज पर पैसे देने का काम भी करती थी। वो लोगों की वस्तुएं अपने पास गिरवी रखकर पैसे देती हैं। चोरी की घटना की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।